मजदूर का बेटा है 1 करोड़ जीतने वाले बाबा जैक्सन, अमिताभ-ऋतिक भी बने फैन
फ्लिपकार्ट का एंटरटेनर नंबर वन कॉम्पटीशन जीतने वाले टिक टॉक स्टार बाबा जैक्सन उर्फ युवराज इन दिनों काफी चर्चा में हैं. हालांकि ऐसा नहीं है कि इस इनाम को जीतने के बाद युवराज मशहूर हुए हैं. वह सोशल मीडिया पर पहले से एक जाना पहचाना नाम हैं और अमिताभ बच्चन, ऋतिक रोशन व टाइगर श्रॉफ जैसे सितारे उनके वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट कर चुके हैं.
युवराज के पिता एक मजदूर हैं और घरों में टाइल्स लगाने का काम करते हैं. लॉकडाउन के दौरान फ्लिपकार्ट ने एंटरटेनर नंबर वन कॉम्पटीशन शुरू किया था जिसमें हर हफ्ते एक विजेता को 10 लाख रुपये का इनाम और मेगा विनर को 1 करोड़ रुपये इनाम में मिलने थे.
युवराज ने बताया, "मुझे किसी ने डांस सिखाया नहीं है. एक फिल्म रिलीज हुई थी मुन्ना माइकल. उसे देख कर डांस करना शुरू किया. मैंने टाइगर श्रॉफ को देखकर डांस करना शुरू किया."
उन्होंने कहा, "प्रभु देवा भी मेरे लिए बहुत बड़ी इंस्पिरेशन हैं. मुझे तकरीबन 5 महीने लगे ये सब सीखने में. मैं ये जो कुछ भी करता हूं ये मैंने बस 5 महीने में सीखा है. कभी-कभी मैं भी नहीं बता पाता हूं कि मैंने कैसे सीखा. बस आ गया ये करते करते."
बता दें कि जोधपुर राजस्थान के युवराज सिंह को लोग जैक्सन बाबा के नाम से भी जाना जाता है. टिक टॉक पर युवराज के 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.

Comments
Post a Comment